रायपुर : छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनावों के पहले चरण की घुर नक्सल इलाके की 10 सीटों समेत कुल 20 सीटों पर कल कड़े सुरक्षा प्रबन्धों के बीच मतदान होगा। मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई है। राज्य निर्वाचन अधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने आज यहां प्रेस कान्फ्रेन्स में यह जानकारी दी।उन्होने बताया कि 20 विधानसभा क्षेत्रों में से दस विधानसभा क्षेत्रों मोहला-मानपुर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंटा में सवेरे सात बजे से दोपहर तीन बजे तक तथा 10 विधानसभा क्षेत्रों पंडरिया, कवर्धा, खैरागढ़, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, डोंगरगांव, खुज्जी, बस्तर, जगदलपुर और चित्रकोट में सवेरे आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा।
उन्होने बताया कि कुल 5304 मतदान केन्द्रों में से सूदुर इलाके के 156 मतदान दलों को हेलीकाप्टर से कल ही रवाना किया था।उन्होने बताया कि 5304 मतदान केन्द्रों में 2431 मतदान केन्द्रों पर बेव कास्टिंग की व्यवस्था की गई है।उन्होने 20 विधानसभा क्षेत्रों में दो विधानसभा क्षेत्र राजनांदगांव एवं कवर्धा में प्रत्याशियों की संख्या 16 से अधिक हैं इस कारण इस क्षेत्र में प्रत्येक मतदान केन्द्र पर दो –दो ईवीएम मशीने लगाई जायेंगी।
प्रथम चरण के 20 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 223 उम्मीदवार हैं जिनमें 198 पुरूष तथा 25 महिला हैं। प्रथम चरण के लिए 40 लाख 78 हजार 681 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 19 लाख 93 हजार 937 पुरुष मतदाता, 20 लाख 84 हजार 675 महिला मतदाता तथा 69 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। प्रथम चरण में निर्वाचन हेतु कुल 5304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
राज्य में प्रथम चरण में मतदान वाले अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 13, भानुप्रतापपुर में 14, कांकेर में 9, केशकाल में 10, कोंडागांव में 8, नारायणपुर में 9, बस्तर में 8, जगदलपुर में 11, चित्रकोट में 7, दंतेवाड़ा में 7, बीजापुर में 8 , कोंटा में 8, खैरागढ़ में 11, डोंगरगढ़ में 10, राजनांदगांव में 29, डोंगरगांव में 12, खुज्जी में 10, मोहला-मानपुर में 9, कवर्धा में 16 तथा पंडरिया में 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
इस चरण की सभी 20 सीटों पर मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ कांग्रेस एवं मुख्य विपक्षी दल भाजपा के बीच है।वर्तमान में इन 20 सीटों में से 19 पर कांग्रेस का कब्जा है।कांग्रेस के लिए पुरानी स्थिति को बरकरार रखने की बड़ी चुनौती है।
छत्तीसगढ़ में पहले चरण की 20 सीटों पर कल मतदान
