भागलपुर : बिहार में भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी।
कहलगांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवानंद सिंह ने शनिवार को यहां बताया कि पूरब टोला इलाका निवासी सुरेंद्र यादव (42) शुक्रवार की रात अपने घर पर था। इस दौरान कुछ अपराधी उसके घर पर पहुंचे और सुरेंद्र यादव के दरवाजा खोलते ही उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।हत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है।
भागलपुर से विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को जांच के लिये बुलाया गया है। घटना में शामिल अपराधियों की पहचान के लिये तकनीकी सहायता ली जा रही है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि इस सिलसिले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
