गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

परिवारवादी सभी क्षेत्रीय पार्टियों का सफाया हो जाएगा

पटना : जे. पी. नड्डा ने गुरुवार को कहा कि आने वाले दिनों में पारिवारिक प्रभुत्व वाली सभी क्षेत्रीय पार्टियों का सफाया हो जाएगा क्योंकि देश की जनता अब उन्हें बर्दाश्त करने के लिए तैयार नहीं है। नड्डा ने बिहार भाजपा के संस्थापक अध्यक्ष कैलाशपति मिश्र की सौवीं जयंती के अवसर पर यहां आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि देश भर में क्षेत्रीय पार्टियां ज्यादातर पारिवारिक प्रभुत्व वाली हैं। उन्होंने कहा कि यह स्वार्थी नेताओं की कार्यप्रणाली है कि वे पहले क्षेत्रीय पार्टियां बनाते हैं और फिर उन्हें अपने परिवार आधारित पार्टियों में बदल लेते हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “क्षेत्रीय दल न केवल एक विशेष परिवार तक ही सीमित हैं बल्कि भ्रष्टाचार में भी डूबे हुए हैं।” उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव एवं उनका परिवार चारा घोटाला और रेलवे में नौकरी के लिए जमीन घोटाला जैसे मामलों में लिप्त है।

उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम. के. स्टालिन और विभिन्न राज्यों में अन्य क्षेत्रीय दलों के मामले भी यही हैं। नड्डा ने कहा कि लोगों की मानसिकता अब बदल गई है और वे क्षेत्रीय दलों को बर्दाश्त करने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह निश्चित है कि आने वाले दिनों में क्षेत्रीय दलों का सफाया हो जाएगा। उन्होंने बताया कि उन्हें पहले भी यही आपत्ति थी जो विपक्षी दलों को रास नहीं आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *