श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को जन्म तिथि प्रमाण पत्र जारी करने से संबंधित कथित रिश्वत मामले में सोपोर के उप-जिला अस्पताल के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सोपोर के उप-जिला अस्पताल में संविदा कर्मचारी मेहराज-उद-दीन के रूप में हुई। सीबीआई ने कहा कि अधिकारी के खिलाफ शिकायतकर्ता से उसकी बेटी के पक्ष में जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के लिए रिश्वत मांगने के आरोप में एक मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने शुरू में 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग की, जिसे बातचीत के बाद 3,600 रुपये कर दिया गया। ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए शिकायतकर्ता से 3,600 रुपये की रिश्वत लेते हुए सीबीआई ने आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी को आज विशेष न्यायाधीश, सीबीआई मामले, श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर के समक्ष पेश किया जाएगा।
