गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

राहुल के जाति गणना के मुद्दे पर आनंद शर्मा ने उठाए सवाल

नई दिल्ली : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने पार्टी के नेता राहुल गांधी के जाति गणना कराने की मांग के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए गुरुवार को कहा कि जाति गणना से देश में जारी बेरोजगारी और असमानता की समस्या का समाधान नहीं होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे को 19 मार्चा को इस संबंध में लिखे पत्र में श्री शर्मा ने कहा कि जाति जनगणना से न बेरोजगारी की समस्या हल होगी और न समाज में असमानता खत्म होगी। उन्होंने इस मांग को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी से जोड़ते हुए उन दोनों की विरासत का अपमान बताया है।
उन्होंने कांग्रेस के समावेशी दृष्टिकोण की याद दिलाते हुए अध्यक्ष को भेजे पत्र में लिखा “पार्टी का वर्तमान रुख पिछली कांग्रेस सरकारों के विचारों के साथ मेल नहीं खाता। उन्होंने 1980 में इंदिरा गांधी के नारे ‘ना जात पर ना पात पर, मुहर लगेगी हाथ पर’ को याद दिलाने के साथ ही लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी कहा था कि ‘अगर संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों में जातिवाद को मुद्दा बनाया गया तो हमें समस्या होगी। कांग्रेस इस देश को विभाजित होते हुए नहीं देख सकती।”
उन्होंने लिखा, “मेरे विचार में जाति जनगणना रामबाण नहीं हो सकती और न ही बेरोजगारी और प्रचलित असमानताओं का समाधान हो सकती है इसलिए मेरा मानना है कि इस मांग को इंदिरा जी और राजीव जी की विरासत का अनादर करने के रूप में गलत समझा जाएगा।”
गौरतलब है कि कुछ महीने से श्री गांधी जाति जनगणना कराने की मांग कर रहे हैं और कहते हैं कि देश में ओबीसी की सत्ता में कोई भागीदारी नहीं है और कांग्रेस सरकार बनाती है तो सबसे पहले जाति जनगणना कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *