हैदराबाद : एन चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को कहा कि आंध्र प्रदेश और तेलंगाना उनके लिए उनकी दो आंखों के समान हैं। श्री नायडू ने मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालने के बाद पहली बार आज यहां नन्दमूरि तारक रामाराव (एनटीआर) भवन का दौरा किया।
उन्होंने आंध्र प्रदेश में पार्टी की जीत में योगदान देने वाले तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के तेलंगाना कैडर की कड़ी मेहनत की सराहना की और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। श्री नायडू ने कहा कि उन्हें बिना किसी कारण जेल में डाल दिया गया था। उन्होंने हैदराबाद के लोगों द्वारा उनके प्रति व्यक्त की गयी चिंता लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि तेलुगु राज्यों का विकास तेदेपा का मिशन है और चेतावनी दी कि उनके बीच संघर्ष से नुकसान होगा। श्री नायडू ने कहा कि तेलुगु लोगों के लाभ के लिए आपसी समझ और सहयोग से ही समस्याओं का समाधान किया जा सकता है।
श्री नायडू ने दावा किया कि वाईएसआरसीपी शासन की वजह से हुई क्षति राज्य के विभाजन से हुई क्षति से अधिक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि गठबंधन सरकार आंध्र प्रदेश को मजबूत करने की जिम्मेदारी लेगी।
आंध्र प्रदेश और तेलंगाना मेरी दो आंखों के समान हैं: नायडू
