पटना : नित्यानंद राय ने गोपालगंज में पुजारी की हुई हत्या को जंगलराज का प्रतीक बताते हुए कहा कि आज प्रदेश अपराधियों के चंगुल में है, जिसका उदाहरण आए दिन देखने को मिल रहा है। राय ने रविवार को यहां कहा कि गोपालगंज जिले के थाना दानापुर के मांझा गांव के रहने वाले मंदिर के पुजारी मनोज कुमार की नृशंस हत्या कर दी गई, जिसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति जताई और प्रशासन से मांग की कि तुरंत अपराधियों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिला कर रहेगी।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने बिहार की नीतीश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी नहीं हुई तो उनकी पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने बिहार सरकार पर कानून व्यवस्था को जानबूझकर चौपट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अपराधियों की संरक्षक बनी हुई है।
श्री राय ने कहा कि अपराध और अपराधियों के तंत्र इतने मजबूत हो गए हैं कि पुलिस और प्रशासन उन्हें छूने की हिम्मत तक नहीं कर पा रहा और यह इसलिए मुमकिन हो पा रहा है क्योंकि सत्ता में बैठे मुख्यमंत्री श्री कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव सीधे-सीधे अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि बिहार में जंगल राज पूरी तरह स्थापित हो चुका है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि हत्या, लूट, बलात्कार बिहार में सामान्य बात हो गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून का इकबाल खत्म हो गया है और अपराधियों का इकबाल बुलंद हो चुका है।
बिहार अपराधियों के चंगुल में
