पटना : दो दिवसीय इन्वेस्टर्स समिट-बिहार बिजनेस कनेक्ट 2023 बुधवार से पटना में शुरू होगा, जिसमें राज्य सरकार के अधिकारी बड़े कॉर्पोरेट घरानों और व्यापारियों के प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद करेंगे और उन्हें बिहार में निवेश के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
बिहार के उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने मंगलवार को यहां कहा कि सरकार विकास की गति तेज करने के लिए राज्य में निवेश आकर्षित करने की पूरी कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि लगभग दो दशकों में बिहार में बुनियादी सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है, जिससे विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारियों को राज्य में निवेश करने के पर्याप्त अवसर मिले हैं।
श्री महासेठ ने कहा, “हम खाद्य प्रसंस्करण, चमड़ा, कपड़ा और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने के लिए निवेश आकर्षित करने पर जोर देंगे। बिहार में इन क्षेत्रों के लिए व्यापक संभावनाएं हैं।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने के लिए बिहार औद्योगिक निवेश (कपड़ा और चमड़ा) नीति 2022, बिहार जैव ईंधन उत्पादन नीति 2023, बिहार स्टार्टअप नीति 2022 और बिहार औद्योगिक नीति 2023 लागू की गई है।
मंत्री ने कहा, “केंद्र सरकार 2023 को अंतर्राष्ट्रीय बाजरा वर्ष और 2024 को अंतर्राष्ट्रीय मखाना वर्ष के रूप में मना रही है। यह हमें बड़ा अवसर प्रदान करेगा क्योंकि 70 प्रतिशत मखाना का उत्पादन बिहार में होता है। अपने अच्छे स्वाद और पोषण के लिए यहां के मखाना की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अच्छी मांग है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि बिहार सरकार सात से दस दिनों में उद्योग स्थापित करने के लिए जगह उपलब्ध कराएगी।
बिहार इन्वेस्टर्स समिट बुधवार से पटना में
