नैनीताल : उत्तराखंड सहकारी समिति ने दुष्कर्म के आरोपी नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लालकुआं के अध्यक्ष मुकेश बोरा को प्रशासक पद से हटा दिया है। उनकी जगह निदेशक डेरी विकास उत्तराखंड (हल्द्वानी) को प्रभार सौंपा गया है।
उत्तराखंड सहकारी समितियां के निबंधक की ओर से रविवार देर शाम को जारी आदेश में कहा गया है कि आरोपी श्री बोरा को पांच जनवरी 2022 को उत्तराखंड सहकारी डेरी फेडरेशन लि0 हल्द्वानी का प्रशासक नियुक्त किया गया था।
आगे कहा गया कि उत्तराखंड सहकारी डेरी फेडरेशन लि0 हल्द्वानी की प्रबंध कमेटी का पुनर्गठन होने तक समिति के कार्यकलापों का प्रबंध करने के लिये निदेशक डेरी विकास उत्तराखंड, हल्द्वानी को उनकी जगह प्रशासक नियुक्त किया जाता है।
गौरतलब है कि श्री बोरा पर लालकुआं स्थित नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि0 में काम करने वाली एक विधवा ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप है कि सेवा में नियमित करने के बहाने वर्ष 2021 में आरोपी ने पीड़ित महिला को हल्द्वानी एक होटल में बुलाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाये। साथ ही किसी को बताने पर नौकरी से हटाने की धमकी भी दी।
यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी ने इसके बाद कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने विरोध किया तो उसे धमकी भी दी।
लालकुआं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा के अनुसार धारा 376 के तहत रविवार को मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
दुष्कर्म के आरोपी भाजपा नेता पर गिरी गाज, प्रशासक पद से हटाया
