पटना : बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चेतावनी देते हुए आज कहा कि वह शराबबंदी पर झूठ और भ्रम का व्यापार बंद करे। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को यहां कहा कि भाजपा राज्य और देश की जनता को भरमाने के अलावा कोई काम नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि अभी हाल-हाल तक उसने बिहार की जनता को नगर निकाय चुनाव के संदर्भ में अतिपिछड़ा आरक्षण को लेकर भरमाया और अब जहरीली शराब मामले में आमलोगों को बरगलाने में लग गई है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि समाज के हित में ली गई शराबबंदी के ऐतिहासिक फैसले को अपनी राजनीति साधने के लिए गलत ठहराना भाजपा की ओछी मानसिकता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि भाजपा तो यह तक भूल गई कि इसी शराबबंदी के समर्थन में बनी मानव-श्रृंखला में उसके तमाम नेता और कार्यकर्ता हाथ में हाथ डालकर खड़े हुए थे।
शराबबंदी पर झूठ और भ्रम का व्यापार बंद करे भाजपा
