गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा मनायेगी काला दिवस

पटना : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को काला दिवस और शनिवार को पूरे राज्य में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि महागठबंधन सरकार को 10 लाख लोगों को रोजगार देने का वादा याद दिलाने और रेलवे में नौकरी के बदले जमीन घोटाला के मामले में चार्जशीटेड उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के इस्तीफे की मांग को लेकर आज शांति पूर्वक विधान सभा मार्च चल रहा था, जिसकी सूचना पार्टी ने एक हफ्ते पहले ही जिला प्रशासन को दे दी थी और मार्च का रास्ता भी बता दिया था । इसके बावजूद पुलिस ने लाठीचार्ज की, जिसमें उनका एक साथी शहीद हो गया और सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल समेत कई लोग घायल हो गए हैं।
श्री चौधरी ने कहा कि यह जंगलराज रिटर्न है जिसके जनक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव हैं। उन्होंने भाजपा नेता की हत्या के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया और कहा कि इसके विरोध में पार्टी शुक्रवार को काला दिवस मनाएगी और शनिवार को पूरे राज्य में धरना प्रदर्शन किया जाएगा । इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव का पुतला दहन किया जाएगा ।
भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता विजय सिंह जिनकी पुलिस लाठीचार्ज में मौत हुई है उनके परिजनों को पार्टी की ओर से 10 लाख रुपया दिया जाएगा। इसके साथ ही उनके परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी अब पार्टी उठाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में थोड़ी भी नैतिकता नहीं बची है उनमें चार्जशीटेड उप मुख्यमंत्री से इस्तीफा मांगने की हिम्मत भी नहीं है।
नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि यह सरकार लाठी के बल पर हमारी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है लेकिन अब यह आवाज दबने वाली नहीं है । उन्होंने कहा कि जब तक यह सरकार नहीं हटेगी तब तक हम चुप नहीं बैठेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *