गया : बिहार में गया शहर के मेडिकल थाना क्षेत्र में गया-डोभी मुख्य सड़क मार्ग पर टेकुना फार्म के समीप स्थित बीएमपी-तीन के प्रांगण में एक जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मगध मेडिकल थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने रविवार को यहां बताया कि एक जवान की गोली मारकर हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल लाया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। इस बीच मृतक जवान के भाई मुकेश कुमार ने बताया कि उसका भाई सोनू कुमार वर्ष 2022 में पटना में बिहार पुलिस में बहाल हुआ था।
जिसके बाद जनवरी 2022 में गया के बीएमपी में प्रशिक्षण के लिये आया था, आज उसके एक सहयोगी ने फोन पर जानकारी दी कि हमारे भाई की गोली मार दी गई है। लेकिन घटना के आधा घंटा बीत जाने के बाद ही किसी ने उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया। अधिक रक्त रिसाव के कारण सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिली है कि सोनू के साथ में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे उसके एक साथ ने ही एसएलआर रायफल से गोली मारी है। घटना के बाद वह फरार हो गया।
