गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

तेलंगाना विधानसभा का बजट सत्र बुधवार तक के लिए स्थगित

हैदराबाद : तेलंगाना विधानसभा के अध्यक्ष गद्दाम प्रसाद कुमार ने बजट सत्र के पांचवें दिन मंगलवार को सदन की कार्यवाही कल सुबह 10 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इससे पूर्व सूचना प्रौद्योगिकी एवं उद्योग मंत्री डी श्रीधर बाबू ने सभी विधायकों और एमएलसी को मेदिगड्डा आने और स्थिति की वास्तविकता के बारे में जानकारी हासिल करने का निमंत्रण दिया। वहीं, विपक्षी बीआरएस पार्टी ने मेदिगड्डा यात्रा की आलोचना की और इसे राजनीतिक पैंतरेबाज़ी करार दिया।
मंत्री श्रीधर बाबू ने इस बात पर प्रकाश डाला कि सत्ता संभालने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने एक सतर्कता समिति के गठन के साथ मेदिगड्डा परियोजना की गहन समीक्षा की। समिति ने परियोजना में भ्रष्टाचार के उदाहरणों की सूचना दी, जिसकी बाद में बांध सुरक्षा प्राधिकरण ने भी पुष्टि की।
श्री बाबू ने पिछली बीआरएस सरकार के फैसलों के कारण बड़ी मात्रा में सार्वजनिक धन की बर्बादी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सदस्यों को जमीनी हकीकत देखने की जरूरत पर जोर दिया और उन्हें अपने निर्वाचन क्षेत्र मंथनी में मेदिगड्डा, अन्नाराम और सुंडीलु बैराजों का निरीक्षण करने के लिए आमंत्रित किया।
इससे पहले आज विधानसभा के बजट सत्र के पाचवें दिन लेखा बजट पर मतदान पर चर्चा निर्धारित थी लेकिन कांग्रेस विधायकों ने बहस को स्थगित करने और मेदिगड्डा की यात्रा पर निकलने का फैसला किया। सरकार की योजना सत्र शुरू होने के तुरंत बाद विधानसभा से मेदिगड्डा के लिए रवाना होने की थी और सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने सभी सदस्यों को मेदिगड्डा के क्षेत्रीय दौरे के लिए निमंत्रण दिया।
श्री रेवंत रेड्डी, मंत्रियों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को सरकार की ओर से विशेष रूप से उपलब्ध करायी गयी बसों से मेदिगड्डा पहुंचाया गया। इस बीच कृष्णा नदी परियोजनाओं को केआरएमबी को सौंपने के सरकार के फैसले के विरोध में विपक्षी बीआरएस पार्टी मंगलवार को नलगोंडा में एक सार्वजनिक बैठक आयोजित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *