पटना : बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन सरकार के प्रमुख घटक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बहुसंख्यक पिछड़ों की गणना कराने से डरने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि जाति आधारित जनगणना बहुसंख्यक जनता की मांग है और यह होकर रहेगी। यादव ने शुक्रवार को ट्वीट किया, “जातिगत जनगणना बहुसंख्यक जनता की मांग है और यह हो कर रहेगी। भाजपा बहुसंख्यक पिछड़ों की गणना से डरती क्यों है। जो जातीय गणना का विरोधी है वह समता, मानवता, समानता का विरोधी एवं ऊंच-नीच, गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ेपन, सामाजिक एवं आर्थिक भेदभाव का समर्थक है। राजद अध्यक्ष ने कहा कि देश की जनता जातिगत जनगणना पर भाजपा की कुटिल चाल और चालाकी को समझ चुकी है। उल्लेखनीय है कि पटना उच्च न्यायालय ने गुरुवार को बिहार में चल रही जाति आधारित जनगणना पर अंतरिम रोक लगा दी है। इसको लेकर भाजपा ने प्रदेश की नीतीश सरकार को अदालत में दलीलें मजबूती से नहीं रखने के लिए दोषी ठहराया। भाजपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जाति आधारित जनगणना को लेकर नीतीश सरकार की मंशा संदिग्ध है।
