शव फ्लैट की बालकनी में लटका मिला, मौके से सुसाइड नोट भी बरामद
नई दिल्ली। सीबीआई के डिप्टी लीगल एडवाइजर पद पर कार्यरत जितेंद्र कुमार ने आत्महत्या कर ली है। उनका शव फ्लैट की बालकनी में बेल्ट के सहारे लटका हुआ था। वह दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी एरिया के हुडको प्लेस में केंद्र सरकार की तरफ से मिले फ्लैट में अकेले रहते थे। उनका परिवार हिमाचल के मंडी जिले में रहता है।
जितेंद्र कुमार की आत्महत्या की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स दिल्ली भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उनके पास सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है कि उसकी मौत का कोई भी जिम्मेदार नहीं है। जितेंद्र कुमार ने आत्महत्या क्यों की इसकी वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
सीबीआई को दी गई जानकारी
मृतक की पत्नी ज्योति मंडी जिले में रहती हैं और भाई चंडीगढ़ में रहते हैं। सूचना मिलने के बाद मृतक की पत्नी और भाई राजेंद्र दोनों दिल्ली आ गए हैं। सीबीआई के सीनियर ऑफिसर को भी इसकी जानकारी दी गई है। पुलिस को कोई फाउल प्ले नहीं मिला। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और कल पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
सीबीआई के डिप्टी लीगल एडवाइजर जितेंद्र कुमार ने की आत्महत्या
