छतरपुर : मध्यप्रदेश के छतरपुर शहर के कोतवाली थाने में ज्ञापन देने आए लोगों के साथ आयी भीड़ द्वारा पुलिस कर्मचारियों पर अचानक पथराव करने की घटना के मामले में आज दोपहर तक डेढ़ सौ से अधिक लोगों पर अपराध दर्ज करने के साथ ही मुख्य आरोपी का महलनुमा आलीशान मकान जमींदोज कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने आज बताया कि पुलिस द्वारा इस मामले में 150 से अधिक लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इनमें 46 नामजद हैं तथा शेष अन्य लोग हैं। शहर में पुलिस बल तैनात किया गया है तथा स्थिति शांतिपूर्ण है। वहीं, इस मामले के मुख्य आरोपी के शहर के रानी तलैया स्थिति महलनुमा आलीशान मकान को प्रशासन द्वारा धराशायी किए जाने की कार्रवाई की गयी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली थाने में कल एक समुदाय विशेष लोग किसी मामले को लेकर पुलिस को ज्ञापन देने आए थे। पुलिस ने ज्ञापन लेकर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस बीच ज्ञापन देने आए लोगों के साथ आयी भींड ने पुलिस कर्मचारी पर पथराव कर दिया। इस घटना में थाना प्रभारी ए कुजूर और एक प्रशासनिक अधिकारी का वाहनचालक घायल हो गए। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए भीड़ को वहां से खदेड़ दिया।
छतरपुर घटना: डेढ़ सौ से अधिक लोगों पर प्राथमिकी दर्ज, मुख्य आरोपी का मकान जमींदोज
