गोपालगंज/मोतिहारी : नीतीश कुमार ने आज कहा कि बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू करने के लिए सरकार पहल करेगी।
कुमार ने बुधवार को गोपालगंज और पूर्वी चंपारण जिले में अलग-अलग विभाग के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जिलास्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गन्ना किसानों ने बंद पड़े सासामोसा चीनी मिल के पास अपने बकाये का भुगतान नहीं होने के संबध में जानकारी दी है। किसानों के बकाये का भुगतान हो सके इस दिशा में पहल करें। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को वह प्रोत्साहित करते रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से स्थापित करना है, इसे फिर से स्थापित करने के लिये सरकार पहल करेगी। चीनी मिलों को चालू करने की प्रक्रिया के क्रम में ही गन्ना किसानों के अविलंब भुगतान के संबंध में नियम भी बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि सासामोसा चीनी मिल प्रबंधन द्वारा यदि गन्ना किसानों के बकाये का भुगतान करने की दिशा में कदम नहीं उठाये गये तो उसे सीज कर सरकार किसानों के बकाये का भुगतान करने की दिशा में निर्णय लेगी।
कुमार ने हर घर नल का जल मेंटेन रखने का निर्देश देते हुए कहा कि कहीं से अगर गड़बड़ी की शिकायत मिलती है तो उसे अविलंब ठीक करायें। पंचायत चुनाव एवं निकाय चुनाव में पुराने जनप्रतिनिधि यदि इस बार चुनाव हार गये हैं तो उनसे हर घर नल-जल योजना के काम को नये चुने हुए प्रतिनिधि के पास यथाशीघ्र ट्रांसफर करने का काम जल्द से जल्द करायें।
बंद पड़ी चीनी मिलें फिर शुरू होंगी
