गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस ने किया देशभर में प्रदर्शन

नई दिल्ली : कांग्रेस ने मेडिकल प्रेवश परीक्षा नीट के पेपरलीक मामले में शुक्रवार को देश के विभिन्न राज्यों की राजधानियों में प्रदर्शन किया और पेपर लीक के आरोपियों को तत्काल सख्त सजा देने की मांग की।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस कार्यर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी तथा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के साथ नीट पेपर लीक घोटाले का विरोध किया और कहा कि मोदी सरकार में लगातार हो रहे पेपर लीक देश की नींव को कमजोर कर रहे हैं। ये लाखों छात्रों के साथ धोखा है, अन्याय है। छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार में बढ़ते लालच और भ्रष्टाचार से छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष आजय राय के नेतृत्व में पेपर लीक घोटाले का जमकर विरोध किया और कहा,“ तानाशाह सरकार कितना भी जोर लगा ले अन्याय के खिलाफ हमारी आवाज को नहीं दबा पाएगी।” उन्होंने नीट परीक्षा रद्द करने की मांग करते हुए कहा,“ ये लडाई उन सभी बच्चों और उनके माता-पिता के लिए है जिन्होंने दिन रात मेहनत करके अपने बच्चों को पढ़ाया। इस मेहनत को कुछ लोग चंद पैसों के लिए बेचना चाहते हैं पर हम नहीं बिकने देंगे।”
जम्मू कश्मीर में प्रदेश अध्यक्ष विकार रसूल वानी के नेतृत्व में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया और कहा कि कोचिंग सेंटर, परीक्षा केंद्र तथा मोदी सरकार मिलकर छात्रों का शोषण कर रही है। पश्चिम बंगाल में अधीर रंजन चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा पेपर लीक घोटाले में विरोध प्रदर्शन किया और कहा कि मोदी सरकार में पेपर लीक बड़ा संकट बन गया है।
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार को तानाशाह करार दिया। झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा लीक और धांधली का जमकर विरोध किया और कहा कि मोदी सरकार देश के होनहार छात्रों का भविष्य अंधेरे में धकेल कर उनके सपनों को रौंद रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *