गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कांग्रेस स्वयं में समस्या है, जबकि भाजपा समाधान

पन्ना : योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि कांग्रेस स्वयं में एक समस्या है जबकि भाजपा समाधान में विश्वास करती है, इसलिए दीपावली के पहले ही हमें समस्या को समाप्त करने की तैयारी करनी है। योगी ने जिले के अजयगढ़ में भाजपा प्रत्याशी बृजेंद्र प्रताप सिंह के समर्थन में आम सभा को संबोधित किया। उन्होंने अजयगढ़ के रामलीला मैदान में आयोजित सभा में कहा कि लाडली बहन योजना ने मध्यप्रदेश में एक लहर पैदा कर दी है। कांग्रेस बुरी तरह से हार रही है, इसीलिए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मैदान छोड़कर केदारनाथ की यात्रा पर चले गए हैं। उन्होंने भाजपा द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के एजेंडे में लोक कल्याण नहीं है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड से जुड़ा हुआ है, इसीलिए वे यहां आए हैं। श्री योगी ने कहा कि यदि अच्छे जनप्रतिनिधि चुनकर जाते हैं तो सरकार अच्छी बनती है और उसी के अनुरूप काम होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि फूल हाथ में लें तो उसकी खुशबू और कोमलता आनंद देता है, लेकिन यदि हाथ में बिच्छू को बिठा ले तो वह अपने स्वभाव के अनुरूप सिर्फ काटती है, इसलिए अच्छे लोगों को चुने।
योगी ने उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान माफिया व गुंडो से नहीं बल्कि प्रभु श्री राम से है। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई जैसी वीरांगनाओं से है। मध्यप्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस ने शासन किया लेकिन आपको पहचान नहीं दे पाई। भाजपा आम जनता के सपनों को साकार करने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि झांसी में हम एक नया नोएडा 38 हजार एकड़ में बसा रहे हैं, जहां नए उद्योग लगेंगे जिससे युवकों को रोजगार मिलेगा।

कांग्रेस विकास और लोक कल्याण की योजनाएं नहीं दे पाई, वह सिर्फ हमारी आस्था से खिलवाड़ करने का काम करती रही है। उन्होंने पन्ना जिले की तीनों विधानसभा सीटों से भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि अयोध्या में रामलला मंदिर का भव्य निर्माण क्या कांग्रेस करा पाती? इसलिए विकास के पक्ष में मतदान करें। आमसभा को पन्ना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बृजेंद्र प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *