गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भ्रष्टाचार और सभी गलत काम होंगे बंद

भोपाल : मोहन यादव ने आज कहा कि कानून व्यवस्थाओं के लिए जो काम करेगा सरकार उसके साथ खड़ी है एवं प्रदेश में भ्रष्टाचार समेत सभी गलत काम बंद होंगे। यादव ‘केन-बेतवा जल कलश यात्रा’ के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद विष्णुदत्त शर्मा, उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री प्रह्लाद पटेल, तुलसी सिलावट और करण सिंह वर्मा भी उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा जल कलश यात्रा कार्यक्रम त्रिवेणी की तरह है।
कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न विभागों में नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। उन्होंने सभी नवनियुक्तों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इनके भरोसे से प्रदेश भविष्य में अपनी लंबी उड़ान हसिल करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश बदल रहा, नवनियुक्त युवा मिलकर बदलते दौर के भारत में अपना सहयोग दें।
डॉ यादव ने कहा कि नई तकनीकी, नया नवाचार हमारे मन को सुकून देता है और व्यवस्थाओं में मददगार होता है। कोविड काल में लगाए गए टीकों का हिसाब रखना दुनिया के लिए आश्चर्य की बात है। भारत जैसे विविधता वाले, बड़ी आबादी में एक्यूरेट हिसाब रखा गया। नोटबंदी के बाद व्यवस्थाओं का संचालन जिस प्रकार से किया गया, ये सरकार और समाज के सहयोग से अद्वितीय काम हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन बेतवा पार्वती कालीसिंध योजना मध्यप्रदेश के लिए परमात्मा का वरदान है, मध्यप्रदेश में हजारों हजार साल से ये नदियां जीवनदायनी बनकर, हम सबके बीच अपना मार्ग तय कर रही हैं। सिंचाई के लिए पहले छोटे संसाधन थे, अब बदलते दौर में सिंचाई के तरीके बदले और बड़े बांध बनाकर नहरों के माध्यम से सिंचाई हो रही है। केन बेतवा नदी योजना विश्व की पहली नदी जोड़ो योजना है, इसके शुभारंभ के बाद से पूरे क्षेत्र का विकास होगा। बुंदेलखंड केवल जल के कारण से पिछडा था, केन-बेतवा बह रही थी, लेकिन बहते हुए पानी का उपयोग ठीक से नहीं हो पा रहा था। पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकर ने इस दिशा में कोई ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि स्व अटल बिहारी वाजपेई ने जो सपना देखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसे पूरा करके दिखाया। ये संकल्पशक्ति और इच्छाशक्ति का परिणाम होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 70 हजार करोड़ रुपए की योजना पार्वती कालीसिंध चंबल योजना के माध्यम से चंबल और मालवा क्षेत्र के गुना, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, आगर, उज्जैन, इंदौर में सिंचाई के साथ नल जल योजना से हर घर पीने का पानी मिल रहा है। जल संरचनाएं बनने के बाद, सोलर के माध्यम से 100 मेगा वाट का बिजली का उत्पादन भी होगा। कानून व्यवस्था के संदर्भ में डॉ यादव ने कहा कि कानून व्यवस्थाओं के लिए जो काम करेगा, सरकार उसके साथ खड़ी है। सैनिक अकेले नहीं हैं, सरकार उनके साथ है। प्रदेश में भ्रष्टाचार और सारे गलत काम बंद होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *