छपरा : बिहार में सारण जिला पुलिस ने देशी कट्टा के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव मंगला ने रविवार को यहां बताया कि सूचना प्राप्त हुई कि नट गिरोह के कुछ अपराधी थाना क्षेत्र के मोहब्बत परसा गांव में अपराध को अंजाम देने के नीयत से जुड़े हुए हैं। इस आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने उक्त स्थान पर पहुंच कर जब अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया तो अपराधियों ने अपनी गाड़ी से पुलिस वाहन को धक्का मारकर भागने की कोशिश की।
इस दौरान पांच अपराधी पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। जबकि पड़ोसी जिला सिवान के हसनपुरा थाना क्षेत्र का अपराधी नबी खलीफा उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया गया। डॉ. मंगला ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी के पास से देशी कट्टा, कारतूस, चाकू, दो मोबाइल और स्कार्पियो गाड़ी मिली है। पकड़े गए अपराधी ने अपने अन्य साथियों के नाम भी पुलिस को बताते हुए कहा कि वे सब नट गिरोह के सदस्य हैं।
