गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दिल्ली सरकार ने बिजली पर सब्सिडी को बढ़ाया

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने दिल्लीवालों को बिजली पर मिलने वाली सब्सिडी को 31 मार्च 2025 बढ़ाने का निर्णय लिया है जिसके तहत 24 घंटे मुफ्त बिजली मिलने का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स कर कैबिनेट के फैसले की गुरुवार को जानकारी देते हुए कहा,“दिल्ली के लोगों को मैं बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आपकी 24 घंटे बिजली (जीरो पॉवर कट) और फ्री बिजली 31 मार्च 2025 तक के लिए बढ़ा दी गई है। इसमें वकील भाइयों के चैम्बर की भी फ्री बिजली शामिल है।”
उन्होंने कहा,“बिजली सब्सिडी को लेकर कई लोगों के मन में संशय था कि अगले साल मिलेगी या नहीं मिलेगी? मैं आपको बता दूँ कि इन लोगों ने तो इसे रोकने की पूरी कोशिश की। लेकिन आपके बेटे ने ये काम भी करवा ही लिया। आपकी जानकारी के लिए बता दूँ कि 24 घंटे बिजली और फ्री बिजली केवल दिल्ली और पंजाब में मिलती है। बाक़ी पूरे देश में लंबे लंबे पॉवर कट लगते हैं और हज़ारों रुपये के बिजली बिल भरने पड़ते हैं। क्योंकि दिल्ली में ईमानदार और पढ़े लिखे लोगों की सरकार है।”
दरअसल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की बैठक हुई जिसमें दिल्ली में फ्री बिजली योजना को आगे जारी रखने को लेकर एक प्रस्ताव रखा गया। इस प्रस्ताव पर कैबिनेट ने सर्व सम्मति से फ्री बिजली योजना को 31 मार्च 2025 तक जारी रखने के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दे दी।
वहीं दिल्ली की ऊर्जा मंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली में 24 बिजली देना और फ्री बिजली देना अरविंद केजरीवाल की सरकार का न सिर्फ वादा है, बल्कि ऐसा वादा है, जिसे लगातार पिछले नौ सालों से हम पूरा करते आ रहे हैं। दिल्ली इकलौता ऐसा राज्य है, जहां 24 घंटे बिजली आती है और 22 लाख परिवारों का बिजली का बिल जीरो आता है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार की ऐसी कोई भी नीति नहीं है, जिसका हमारे विरोधी रोकने का प्रयास नहीं करते हैं। साल दर साल जब भी अरविंद केजरीवाल दिल्लीवालों के लिए कोई काम करने की कोशिश करते है, दिल्लीवालों के हक़ में कोई फैसला लेने की कोशिश करते है तो हमारे विरोधी उसे रोकने का हर संभव प्रयास करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *