चित्तौड़गढ़ : राजस्थान विधानसभा चुनाव में चित्तौड़गढ़ जिले में बड़ीसादड़ी सीट पर घोषित कांग्रेस के प्रत्याशी एवं डेयरी अध्यक्ष बद्रीलाल जाट का विरोध आज दूसरे दिन भी जारी रहा और पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी ने टिकट बदलने की मांग करते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। प्राप्त जानकारी अनुसार बड़ीसादड़ी से जाट को उम्मीदवार बनाये जाने की घोषणा के साथ ही टिकट मांग रहे कांग्रेस के सभी बारह दावेदार श्री चौधरी के नेतृत्व में श्री जाट के विरूद्ध एक हो गये और बुधवार को ही विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया। गुरुवार को विधानसभा क्षेत्र के कस्बे डूंगला में बड़ी संख्या में एकत्रित हुए लोगों ने श्री जाट का पुतला फूंका और बाहरी भगाओ के नारे लगाए।
इसी तरह का प्रदर्शन वरिष्ठ कांग्रेस नेता हनुमंत सिंह के नेतृत्व में बोहेड़ा कस्बे में भी किया गया। दोनों जगह कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा और मंत्री एवं पार्टी प्रत्याशी उदयलाल आंजना के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की गई। श्री आंजना की सिफारिश पर ही यहां से जाट को टिकट दिया गया जो कि जिले के कपासन क्षेत्र निवासी है।
उधर चित्तौड़गढ़ में विधायक चंद्रभानसिंह आक्या ने भाजपा नेतृत्व के सामने अपने बागी तेवर जारी रखते हुए आज शहर में एक विशाल अनुसूचित जाति जनजाति सम्मेलन का आयोजन कर दिया इससे पूर्व मंगलवार को उन्होंने क्षेत्र के वरिष्ठजनों, बुद्धिजीवियों और सेवानिवृत कार्मिकों का सम्मेलन किया जिसमें करीब दो हजार लोग शामिल हुए।
बड़ीसादड़ी में कांग्रेस प्रत्याशी के विरोध में फूंका पुतला
