गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

क्रिप्टो करेंसी के नाम पर लाखों की ठगी के आठ आरोपी गिरफ्तार

रतलाम : मध्यप्रदेश की रतलाम पुलिस ने क्रिप्टो करेंसी के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, जापान और सिंगापुर बेस्ड कंपनियों के खाते फ्रीज कर लगभग 44 लाख रुपए सीज कर भारत वापस लाए गए हैं। इस मामले में दो मुख्य आरोपियों की पुलिस को तलाश है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने रतलाम के अलावा मंदसौर, नीमच, धार और राजस्थान में भी लोगों को 30 प्रतिशत मासिक रिटर्न का लालच देकर करोड़ों रुपए की ठगी की थी। 24 अगस्त 2023 को सलीम खां ने रतलाम पुलिस को शिकायत कर बताया कि मोहम्मद, आजम खान हुजेफा जम्माली, आलोक पाल, वाजिद एवं वसीम द्वारा एमटीएफई कंपनी के माध्यम से क्रिप्टो करेंसी में निवेश पर 30 प्रतिशत मासिक रिटर्न देने का झांसा देकर 20 लाख 76 रुपए की ठगी की।
शिकायत पर थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में आरोपियों पर प्रकरण दर्ज किया गया। इसी तरह अशरफ अली ने गोविंद सिंह व संदीप टांक के विरुद्ध थाना स्टेशन रोड में लगभग 26 लाख 51 हजार रुपए की ठगी की शिकायत की। आरोपियों की आसानी से पैसे कमाने वाली इस पोंजी स्कीम पर लोगों ने विश्वास किया एवं कुछ समय बाद एमटीएफई कम्पनी द्वारा इस स्कीम से ठगी कर कम्पनी बंद कर दी गई और लोगों की लाखों रुपए की जमा पूंजी डूब गयी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रतलाम पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढा द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा को टीम गठित कर मामले की जांच के निर्देश दिए। नगर पुलिस अधीक्षक जावरा दुर्गेश आर्मो व नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम अभिनव कुमार बारंगे के निर्देशन में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा, थाना स्टेशन रोड रतलाम एवं सायबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गयी।
पुलिस टीम द्वारा आमजन को दिए गए एमटीएफई के क्यूआर कोड/टीआरसी-20 के एड्रेस को एकत्रित किया गया। इसमें लगभग 266 पीड़ितों से लगभग एक करोड़ 43 लाख रुपए की ठगी का मामला रतलाम जिले में प्रकाश में आया। टीम द्वारा एमटीएफई कम्पनी द्वारा की गई धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया गया। इन दोनों प्रकरणों में एमटीएफई के सीईओ हुजेफा जमाली एवं गोविन्द सिंह चंद्रावत सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया। एमटीएफई फ्राॅड में संलिप्त कलिन कम्पनी के डायरेक्टर योगानंदा बमोरे से पूछताछ कर क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज प्लेटफार्म के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की गयी।
पुलिस ने विभिन्न माध्यम/ओपन सोर्स से जानकारी प्राप्त कर लगभग 10 लाख 48 हजार टीआरसी 20 के एड्रेस प्राप्त किए। इसमें एमटीएफई के क्यूआर कोड द्वारा बड़ी मात्रा में रुपयों का लेन-देन अलग-अलग देशों से किया गया। इसका एनालिसिस करने पर एमटीएफई द्वारा भारत सहित श्रीलंका, बांग्लादेश, पाकिस्तान एवं नाइजीरिया में भी इस प्रकार की धोखाधड़ी करना पाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *