किशनगंज : बिहार राज्य सतर्कता अन्वेषण ब्यूरो ने बुधवार को किशनगंज जिले के भवन निर्माण विभाग मुख्यालय के कार्यपालक अभियंता प्रवीण कुमार को एक लाख दस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो सूत्रों ने यहां बताया कि पूर्णिया जिले के सिपाही टोला निवासी श्री कुमार को ब्यूरो की टीम ने आज दोपहर रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारी से पूछताछ की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के बाद कार्यपालक अभियंता को निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
