छपरा : बिहार में सारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध बालू खनन और बिक्री पर रोक लगाने के मामले में जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 90 लाख रुपए से ज्यादा का जुर्माना वसूला है। सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव मंगला ने शुक्रवार को बताया कि सरकार के निर्देश पर अवैध बालू खनन और बिक्री तथा परिवहन के विरुद्ध सारण पुलिस ने गुरुवार की रात में व्यापक अभियान चला कर 91,95,617 रूपए की जुर्माना राशि वसूल करने के साथ ही 12 अवैध बालू लदे वाहन को जब्त किया गया है। डॉ. मंगला ने बताया कि इस सिलसिले में 12 लोगों पर कुल 12 अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया है। इस दौरान 21095 घन फीट अवैध बालू भी जब्त किया गया है।
