छपरा : बिहार में सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र से उत्पाद विभाग की टीम ने 25 कार्टन विदेशी शराब के साथ दो कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया। उत्पाद विभाग के सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि मंगलवार की देर रात को सूचना मिली थी कि शराब व्यवसायी शराब की खेप लेकर कार से जा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर थाना कटसा बाजार के समीप उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन जांच शुरू की।
इस दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान कार से 25 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गयी।बरामद शराब की कीमत करीब तीन लाख रुपए है। सूत्रों ने बताया कि कार पर सवार दो कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार कारोबारियों की पहचान पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र निवासी कुणाल कुमार राय और रवि कुमार के रूप में की गयी है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
