गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

वन विभाग का क्षेत्रीय प्रबंधक रिश्वत लेते गिरफ्तार

चंडीगढ़ : पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने बुधवार को जालंधर जिले के कस्बा फिल्लौर में पंजाब वन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक सुखमिन्दर सिंह हीरा को तीस हजार रुपए रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों गिरफ़्तार कर लिया। विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त अधिकारी को वन ठेकेदार बलकार सिंह निवासी गाँव कालस कलाँ, ज़िला लुधियाना द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत पर गिरफ़्तार किया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने पंजाब विजीलेंस ब्यूरो की आर्थिक अपराध शाखा (ई.ओ.डब्ल्यू.) लुधियाना को बताया कि उक्त वन अधिकारी ने उसकी फर्म को अलाट किये टेंडर के अंतर्गत वृक्षों की कटायी के बदले उससे 35 हजार रुपये बतौर कमीशन देने की माँग की है।

शिकायतकर्ता ने आगे बताया कि उक्त सुखमिन्दर सिंह ने उसको धमकाया है कि यदि उसने इस कमीशन की अदायगी न की तो भविष्य में उस (शिकायतकर्ता) को ऐसा कोई टेंडर आवंटित नहीं करने देगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह रिश्वत नहीं देना चाहता था, लेकिन मजबूरन उसको पहली किश्त के तौर पर पांच हजार रुपये उक्त वन अधिकारी को देने पड़े और अब वह बकाया पैसों की माँग कर रहा है।
उन्होंने बताया कि इस शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद ई. ओ. डब्ल्यू. लुधियाना की एक टीम ने उक्त वन अधिकारी को दो अधिकारियों के गवाहों की हाज़िरी में शिकायतकर्ता से दूसरी किश्त के तौर पर तीस हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू कर लिया। इस सम्बन्धी उक्त मुलजिम के खि़लाफ़ ई. ओ. डब्ल्यू. विजीलैंस ब्यूरो के थाना लुधियाना में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है। इस मामले की आगे जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *