गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हथियार के साथ चार गिरफ्तार

शेखपुरा : बिहार में शेखपुरा जिले के बराबीघा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार कर भारी संख्या में हथियार और कारतूस बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी ने सोमवार को बताया कि सूचना मिली थी कि बराबीघा-मेहूस सड़क पर हथियारों की बड़ी डील होने वाली है। उन्होंने बताया कि इस सूचना के आधार पर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए बराबीघा थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
श्री चौधरी ने बताया कि बराबीघा से मेहूस जाने वाली सड़क पर कार्रवाई के लिए पुलिस टीम तैनात की गई। इस दौरान चार व्यक्ति संदिग्ध स्थिति में दिखे। एक व्यक्ति के हाथ में थैला था और अन्य व्यक्ति उससे बात कर रहे थे। पुलिस ने उन लोगों को घेरा तो वे भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने उन चारों को धार दबोचा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तलाशी के क्रम में उनके पास से चार देशी कट्टा, 150 कारतूस, 10700 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरंभिक पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
श्री चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार चार में से दो पटना के सालिमपुर और शेष दो सारमेरा थाना क्षेत्र के रहने वाले है। इनमें से एक व्यक्ति अनिल चौहान पूर्व में भी हथियार सप्लाई के मामले में जेल जा चुका है और उसका आपराधिक इतिहास भी है। अन्य तीन का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। गिरफ्तार अपराधियों से गहन पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *