छपरा : बिहार में सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सोमवार को ट्रक चालक से अवैध वसूली कर रहे चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव मंगला गश्त लगा रहे थे। इस दौरान उन्होंने मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक ट्रक चालक से अवैध वसूली कर रहे मुफस्सिल थाना के गश्ती दल की एक महिला सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई), बिहार पुलिस के दो जवान और 01 स्पेशल ऑग्जिलरी पुलिस(सैप) जवान को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार पुलिसकर्मियों को मुफस्सिल थाना को सौंप दिया गया है। उनके विरूद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
