डेहरी ऑन सोन : बिहार में रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में मंगलवार को कार से 30 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करोंं को गिरफ्तार किया गया है । पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने आज यहां बताया कि गुप्त सूचना मिली कि दिनारा थाना क्षेत्र में एक वाहन से गांजा तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही दिनारा थाने की पुलिस की एक टीम का गठन किया गया । गठित टीम ने थाना क्षेत्र के कुंड चौक के पास वाहनों को रोक कर तलाशी शुरू की। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में सासाराम की ओर से आ रहे एक संदिग्ध होंडा सिटी कार को रोकने का इशारा किया गया।
लेकिन वाहन चालक द्वारा कार को तेजी से भगाने का प्रयास किया गया। पुलिस की तत्परता से उक्त वाहन को पकड़ लिया गया। कुमार ने बताया कि वाहन की तलाशी के दौरान जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के मीठोपुर निवासी धनंजय कुमार, डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डिलिया निवासी अनूप कुमार व नटवार थाना क्षेत्र के महीरोढ गांव निवासी सोनू कुमार को 30 किलो 26 ग्राम गांजा, 1लाख 99500रुपए नगद बरामद किया गया। कार एवं चार मोबाइल जप्त किया गया । तीनों के अपराधिक इतिहास का पता किया जा रहा है।
