गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हरियाणा 10 वर्ष में विकसित हुआ है: धामी

अलवर : पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि हरियाणा में पहले नौकरियों में, कामों में बंदर बाट होती थी, घोटाले होते थे, लेकिन अब हरियाणा 10 वर्ष में विकसित हुआ है।
देहरादून से रविवार को यहां पहुंचे श्री धामी ने भिवाड़ी स्थित काली खोड़ में बाबा मोहन राम मंदिर में दर्शन किये।
इस मौके पर उन्होंने पत्रकारों से कहा कि हरियाणा में विपक्षी उम्मीदवार खुद कह रहे हैं कि वे जीते तो अपने रिश्तेदारों और कार्यकर्ताओं को नौकरी लगवायेंगे। कांग्रेस ने हमेशा यही किया है। उन्होंने कहा कि सरकार कोई भी हो, सरकार आमजन की होती है और इस तरीके का रवैया सरकार की निष्पक्षता पर सवाल उठाता है।
श्री धामी ने कहा कि पिछले 10 वर्ष में हरियाणा का काफी विकास हुआ है। एलिवेटेड रोड हो ,एक्सप्रेस वे हो, औद्योगिक क्षेत्र का विकास हो, घर-घर पानी की योजना हो और पारदर्शिता से नौजवानों को नौकरी का मामला हो। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने सभी काम किए हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा से किसानों की कोई नाराजगी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को 24 फसलों पर अधिकतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दी हुई है जबकि पहले आठ फसलों पर एमएसपी दी जाती थी।
श्री धामी ने कहा कि किसानों की आय दुगुनी करने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी में बागियों की संख्या अधिक होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और ऐसे छोटे-मोटे मामले होते रहते हैं। जो भी कार्यकर्ता होता है तो उसके मन में यह रहता है कि वह भी चुनाव लड़े। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाएं और हरियाणा सरकार की विकासशील योजनाओं को देखते हुए और राज्य सरकार के अच्छे कार्यों को लेकर हरियाणा में तीसरी बार भी भाजपा की ही सरकार बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *