भोपाल : मध्यप्रदेश में सोलहवीं विधानसभा के गठन के लिए चुनाव में प्रचार के लिए सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘हाईटेक रथों’ का सहारा ले रही है और ये सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज यहां प्रदेश कार्यालय से हाईटेक रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यहां प्रदेश कार्यालय से एक दर्जन से अधिक हाईटेक रथों को रवाना किया गया। इन रथों में एलईडी और अन्य आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया गया है और इनके माध्यम से मुख्य रूप से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं के बारे में राज्य की जनता को बताने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेश भाजपा के अनुसार ये रथ (विशेष रूप से तैयार वाहन) राज्य की सभी 230 विधानसभा सीटों पर पहुंचेंगे और कोशिश रहेगी कि सभी विधानसभा क्षेत्राें के अधिक से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों में भी इनके जरिए पार्टी का प्रचार प्रसार किया जाए। इसी तरह राज्य के रीवा, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर से भी हाईटेक रथ रवाना हुए।
राज्य में सभी 230 सीटों के लिए अधिसूचना शनिवार यानी 21 अक्टूबर को जारी होने के साथ ही नामांकनपत्र भरने की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी, जो 30 अक्टूबर तक चलेगी। अगले दिन 31 अक्टूबर काे नामांकनपत्रों की जांच होगी और दो नवंबर तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे। सभी 230 सीटों पर मतदान एक ही दिन 17 नवंबर को होगा और मतगणना तीन दिसंबर को होगी।
