शिमला : हिमाचल प्रदेश की ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात का दौर लगातार जारी है। शिमला सहित अन्य भागों में बारिश हो रही है। बारिश-हिमपात से प्रदेश में शीतलहर बढ़ गई है। राज्य में हिमपात के चलते रविवार सुबह दस बजे तक चार राष्ट्रीय राजमार्ग और 518 सड़कें यातायात के लिए ठप थीं। वहीं, 478 बिजली टांसफार्मर भी बंद हैं। इसके कारण कई भागों में ‘ब्लैकआउट’ चल रहा है। निचले इलाकों में बारिश के साथ धुंध छाई है।
कुल्लू और लाहौल-स्पीति में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। कुल्लू व लाहौल में हिमपात व बारिश का दौर शुरू हो गया है। ताजा हिमपात के चलते अटल टनल रोहतांग होकर लाहौल के लिए वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। ऐसे में लाहौल का कुल्लू से संपर्क कट गया है। रविवार देर रात्रि से ऊं चाई वाले क्षेत्रों में हिमपात व निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है।
अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ 15 सेंटीमीटर, साउथ पोर्टल में 12, सिस्सू में 9 सेंटीमीटर तक ताजा हिमपात हुआ है। वहीं बारिश व हिमपात के चलते लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के रूटों पर बसों के पहिए थम गए हैं। घाटी कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गई है।
उधर, जनजातीय क्षेत्र पांगी में रविवार सुबह एक बार फिर से हिमपात का क्रम शुरू हो गया। हिमपात के कारण पहले ही जनजातीय क्षेत्र पांगी देश दुनिया से कटा हुआ है। ऐसे में फिर से शुरू होने वाले हिमपात ने पांगीवासियो की दुश्वारियां बढ़ा कर रख दी है। पांगी की अधिकांश पंचायते चार दिनों से अंधेरे में ही डूबी हुई है।
ऐसे में अब फिर से हिमपात का क्रम आरंभ होना ग्रामीणों की चिंताओं को बढ़ा गया है। पांगी से कुल्लू, लाहौल मार्ग समेत 19 संपर्क मार्गो पर यातायात पूरी तरह से ठप्प पड़ा हुआ है। जनजातीय क्षेत्र पांगी की सुराल में दो फीट हिमपात के बाद अब फिर से हिमपात शुरू हो गया है।
पर्यटन नगरी धर्मशाला में रविवार सुबह से मैदानी क्षेत्र में बारिश हो रही है जबकि धौलाधार की पहाड़ियों पर हिमपात जारी है। धुंध के कारण सड़क पर आवाजाही प्रभावित हो रही है। वाहन चालक वाहनों की लाइटें जलाकर सफर कर रहे हैं। जिले भर में शीतलहर का प्रकोप जारी है।
जनजातीय क्षेत्र पांगी में हिमपात के चलते महाविद्यालय में 11 फरवरी तक अवकाश घोषित कर दिए गए हैं। आवासीय आयुक्त रितिका जिंदल ने आदेश जारी किए हैं। शनिवार रात से जारी बारिश और ताजा हिमपात से जिला में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ऊपरी क्षेत्रों में जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। पूरा मंडी जिला शीतलहर की चपेट में हैं। अब तक हिमपात के चलते जिला के 36 मार्ग, 100 ट्रांस्फार्मर और 35 पेयजल योजनाएं बंद हो गई हैं।
सिराज, चौहारघाटी और नाचन के कई इलाकों में जरूरी सामान की आपूर्ति ठप और बिजली बंद हैं। कई स्थानों पर अंधेरा और पानी की पाइपे जाम होने से पानी की दिक्कत हो गई है। लोग बर्फ को पिघलाकर पानी निकाल रहे हैं।
अटल टनल रोहतांग (धुंधी) में लगभग सात इंच ताजा बर्फबारी हुई है। ताजा हिमपात के कारण किसी भी वाहनों को अटल टनल की ओर जाने की अनुमति नहीं है। पर्यटक वाहन नेहरुकुण्ड तक भेजे जा रहे हैं। मनाली में बर्फबारी के दौर जारी है। मनाली से सटे ग्रामीण इलाकों में चार इंच तक ताजा हिमपात हुआ है। प्रशासन ने पर्यटकों व यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम में यात्रा से बचें।
हिमाचल चार नेशनल हाईवे सहित 518 सडकें व 478 ट्रांसफार्मर बंद
