गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल : चार राष्ट्रीय मार्ग सहित कुफरी, फागू व नारकंडा में हिमपात

शिमला : हिमाचल की राजधानी शिमला में मंगलवार को धूप खिली, वहीं शहर से सटे पर्यटन स्थलों कुफरी व फागू में हिमपात का नजारा देखने को मिला। नारकंडा में भी हिमपात हो रहा है। इन स्थलों में ताजा हिमपात से सैलानियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हालांकि, हिमपात से सड़क पर फिसलन बढ़ गई और शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे पर वाहनों का लंबा जाम लग गया है। इससे अप्पर शिमला के लिए यातायात एक बार फिर प्रभावित हुआ है।
चंबा, कुल्लू, किन्नौर व लाहौल-स्पीति जिलों में भी हिमपात हो रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले छह दिन बारिश-हिमपात की संभावना से इंकार किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से आगामी 12 फरवरी तक राज्य भर में मौसम साफ रहेगा। उन्होंने कहा कि बीते 24 घंटों के दौरान शिमला के खदराला में चार, चंबा के भरमौर में तीन, कुफरी में दो और गोंदला में एक सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया है।
प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में हो रहे हिमपात से परिवहन व बिजली आपूर्ति पर खासा असर देखा जा रहा है। पिछले छह दिन से चार नेशनल हाईवे बंद पड़े हैं। इनकी अगले कुछ दिनों तक भी बहाल होने की उम्मीद नहीं है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार तक हिमपात से चार राष्ट्रीय राजमार्ग और 473 सड़कें ठप हैं। लाहौल-स्पीति में 152, शिमला में 134, कुल्लू में 68, चंबा में 61 और मंडी में 46 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बाधित है।
शिमला जिला की बात करें तो चौपाल उपमंडल में 36, रोहड़ू में 33, डोडरा क्वार, रामपुर व कोटखाई में 16-16, कुमारसेन में 10, कुपवी में चार और जुब्बल में तीन सड़के बंद हैं। हिमपात से लाहौल-स्पीति व कुल्लू में दो-दो नेशनल हाईवे बंद हैं। लाहौल-स्पीति में एनएच-505 व एनएच-3 और कुल्लू में एनएच-3 व एनएच-305 अवरुद्ध है। रिपोर्ट के अनुसार हिमपात व अंधड़ चलने से 398 बिजली ट्रांसफार्मरों के ठप होने से कई इलाकों में बिजली गुल है। कुल्लू में सबसे ज्यादा 123, जबकि चंबा में 119, सिरमौर में 114, और शिमला में 34 ट्रांसफार्मर खराब हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *