गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भारत-सऊदी अरब संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू

नई दिल्ली : भारत और सऊदी अरब के सैनिकों के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘सदा तनसीक’ सोमवार को राजस्थान की महाजन रेंज में शुरू हो गया। सैन्य अभ्यास आज से शुरू होकर 10 फरवरी तक चलेगा। सऊदी अरब के 45 सदस्यों के सैन्य दल का नेतृत्व रॉयल सऊदी लैंड फाेर्स कर रही है। भारतीय सेना की टुकड़ी में भी 45 सैन्यकर्मी शामिल हैं जिनका प्रतिनिधित्व ब्रिगेड ऑफ द गार्ड्स (मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री) की एक बटालियन कर रही है।
इस संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत अर्ध-रेगिस्तानी इलाके में संयुक्त अभियानों के लिए दोनों देशों के सैनिकों को प्रशिक्षित करना है। यह अभ्यास दोनों देशों की सेनाओं को पारंपरिक क्षेत्र में संचालन की रणनीति, तकनीक एवं प्रक्रियाओं में सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों को साझा करने में सक्षम बनाएगा। इससे दोनों देशों के सैनिकों के बीच परस्पर और आपसी तालमेल तथा सौहार्द विकसित करने में सहायता मिलेगी।
अभ्यास के दौरान सचल वाहन चेक पोस्ट की स्थापना, घेरा डालना और खोज अभियान, हाउस इंटरवेंशन ड्रिल, रिफ्लेक्स शूटिंग, स्लिथरिंग और स्नाइपर फायरिंग का अभ्यास किया जाएगा। यह सत्र दोनों सैन्य टुकड़ियों को आपसी संबंध सशक्त करने का अवसर प्रदान करेगा। यह अभ्यास मंच के रूप में साझा सुरक्षा उद्देश्यों को प्राप्त करने, रक्षा सहयोग के स्तर को बढ़ाने और दो मित्र देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को विस्तार देने का भी काम करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *