गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जदयू कि स्थिति डूबती नाव की तरह

पटना : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने आज सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की स्थिति को डूबती नाव करार दिया और कहा कि मुख्यमंत्री नितीश कुमार अब सत्ता चलाने के लिए नहीं कुर्सी बचाने के लिए सरकार चला रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सिन्हा ने शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि जदयू कि स्थिति डूबती हुई नाव की तरह हो गई है। वह दिशाहीन हो चुका है। जिस उद्देश्य से भाजपा ने इनको चंद्रगुप्त बनाया था अब वह अपने सिद्धातों से भटक गये हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कुमार अब सत्ता चलाने के लिए नहीं बल्कि कुर्सी बचाने के लिए सरकार चला रहे है। वह जंगलराज बनाने वाले पुरोधा के साथ हाथ मिला चुके हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा पूरे बिहार में सेवा भाव से काम करती है। पूरे बिहार में परिवर्तन बहुत तेजी से दिखाई पडे़गा। लोकतंत्र में जनता मालिक है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि सभाध्यक्ष अपने पद का निर्वहन नहीं कर पा रहे है, वे पार्टी के संरक्षक बन गये है। वह भूल जाते है कि वह राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक नहीं बल्कि विधानसभा के अध्यक्ष हैं। वह सत्ताधारी के भाषा बोलते हैं। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष को निष्पक्ष तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
सिन्हा ने कर्नाटक की घटना पर कहा कि घटना को सत्यता की जांच होनी चाहिए। भाजपा जनता के प्रति जिम्मेवार है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को राष्ट्रवाद के पथ पर चलना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के साथ हम सभी बिहारी को मिलकर नया बिहार बनाना है। भाजपा के संकल्पों के साथ बिहार को आगे बढ़ाना है। भाजपा सत्ता से ज्यादा समाज की चिन्ता करती है।
इससे पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यालय के कैलाशपति मिश्र सभागार में किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सरोज रंजन पटेल के नेतृत्व में रोहतास और सासाराम के जदयू के सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा, विधान परिषद् के सदस्य सह राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय मयूख के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *