भभुआ : बिहार की कैमूर जिला पुलिस ने हाल ही में कुदरा थाना क्षेत्र के पुसौली पेट्रोल पंप के निकट एक ट्रक चालक से एक लाख 42 हजार रुपये लूट लिये जाने के मामले में छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि पिछले वर्ष 16 दिसंबर की रात को पुसौली पेट्रोल पंप के निकट अज्ञात अपराधियों ने एक ट्रक चालक से एक लाख 42 हजार रुपये लूट लिए थे। इस सिलसिले में चालक के बयान पर कुदरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक ने एक टीम का गठन किया।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस टीम ने सघन अनुसंधान के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश में लखनऊ के नाका चारबाग थाना क्षेत्र से स्थानीय पुलिस के सहयोग से मामले में संलिप्त तीन अपराधियों को दबोच लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर कुदरा एवं मोहनिया थाना क्षेत्र से तीन और यानी कुल छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान अभिमन्यु कुमार सिंह उर्फ मन्नू यादव, राजू प्रसाद केसरी, प्रेमचंद्र दिवाकर उर्फ बंटी, धर्मेंद्र कुशवाहा, उपेंद्र कुमार यादव और आमिर हुसैन के रूप में की गई है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूट में इस्तेमाल किये पांच मोबाइल फोन समेत कुल 25 मोबाइल फोन, लूट गई रकम में से 10500 रुपये और कांड में इस्तेमाल किया गया एक देशी कट्टा और दो कारतूस बरामद किये गये हैं।
कैमूर : ट्रक चालक से लूट मामले में 6 गिरफ्तार
