गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कश्मीर : दम घुटने से दो भाईयों की मौत

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में बांदीपोरा जिले के एक मदरसे में ठंड से बचाव के लिये कमरे में जलाए गए अलाव के धुंए से दम घुटने से दो भाइयों मौत का मामला सामने आया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि यह घटना बांदीपोरा जिले के अस्तेंगो इलाके के फैज-उल-आलूम मदरसा में कल रात उस समय हुई जब एक रसोईया अपने दो बच्चों के साथ रात को सोने से पहले ठंड से बचाव के लिये कमरे में कोयले की अंगीठी जलाये हुए था। बाद में तीनों सो गये और कमरा धुएं से भर गया। इसमें रसोइया बेहोश पाया गया और दोनों बच्चे मृत पाये गये।
शिक्षक तनवीर अहमद ने कहा, “मैं आज तड़के करीब 08.45 बजे स्कूल पहुंचा। तो देखा कि कुछ विद्यार्थी दौड़ते हुए आए और कहा कि मदरसे के रसोइया और उसके दो बच्चों बेहोशी की हालत में हैं। बाद में दोनों बच्चे मृत पाए गए, जबकि उनके पिता बेहोशी की हालत में थे और उन्हें बांदीपोरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। अंगीठी के धुंए से दम घुटने से मौत का कारण माना जा रहा है।”
उन्होंने कहा कि पुलिस को सूचित किया गया और फोरेंसिक विशेषज्ञों और पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भिजवाया गया। मृतकों की पहचान मुनीर अहमद चेची (10) और तनवीर अहमद चेची (09) के रूप में हुई है। पुलिस ने हालांकि अभी तक घटना की पुष्टि नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *