छपरा : बिहार में सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र में अपराधियो ने एक ईट्ट भट्ठा मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी। सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव मंगला ने बुधवार को यहां बताया कि लेरुआं गांव स्थित सुरेश महतो के ईट्ट भट्ठा पर मंगलवार की देर रात को कुछ मजदूर काम कर रहे थे।इसी दौरान वहां मोटरसाइकिल पर पहुंचे अपराधियों ने मजदूरों से बीड़ी की मांग की। मजदूरों द्वारा बीड़ी नही देने पर अपराधियों ने उत्तरप्रदेश के इलाहाबाद के कुसांदी थाना क्षेत्र निवासी मजदूर ललन कुमार उर्फ लवलीन (23) की गोली मारकर हत्या कर दी। सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
