गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सुधाकर के जरिये नीतीश पर कुर्सी छोड़ने का दबाव बना रहे लालू

पटना : सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के इशारे पर सुधाकर सिंह और प्रो. चंद्रशेखर के जरिये मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कुर्सी छोडने का दबाव बनाया जा रहा है इसलिए दोनों नेताओं के आपत्तिजनक बयानों के बावजूद उनपर कार्रवाई नहीं हुई।
मोदी ने शुक्रवार को यहां बयान जारी कर कहा कि तीन महीने से राजद विधायक और पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह की बयानबाजी जारी है लेकिन उन्हें सिर्फ नोटिस दिया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव अधिकृत हैं। इसमें लालू प्रसाद यादव की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को उत्तराधिकारी घोषित करने के बाद नीतीश कुमार अब सिर्फ केयर टेकर मुख्यमंत्री रह गए हैं। वे राजद की कृपा पर इतने निर्भर हैं कि कोई फैसला नहीं कर सकते।
भाजपा सांसद ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार होता है, लेकिन नीतीश कुमार अब इसे भी तेजस्वी यादव के लिए छोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि श्रीरामचरित मानस की निंदा करने वाले शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने न अपना दुराग्रही बयान वापस लिया और न मुख्यमंत्री उनके खिलाफ कोई कार्रवाई कर पाये।
मोदी ने कहा कि सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार की निंदा में जिन शब्दों का प्रयोग किया है, वैसे शब्द विपक्ष भी उनके लिए इस्तेमाल नहीं करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *