पटना : नीतीश कुमार ने रामनवमी के दिन सासाराम और बिहारशरीफ में हुई घटना के बाद मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश में विधि-व्यवस्था को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर आज कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक है और अधिकारियों को गड़बड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं। कुमार ने शनिवार को यहां अधिवेशन भवन में बिहार लोक सेवा आयोग की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद संवाददताओं से बातचीत में सासाराम और बिहारशरीफ की घटना से संबंधित सवाल पर कहा, “जो घटना घटी है वो बहुत ही दुःख की बात है और जरूर कोई-न-कोई इसमें गड़बड़ किया है।
हमने अधिकारियों को कहा है कि पता करें कि किसने गड़बड़ किया है। जैसे ही इसके बारे में पता चला तत्काल इसको कंट्रोल किया गया। हमने अधिकारियों से कहा है कि गड़बड़ करनेवालों का पता लगाएं और उसपर कड़ी कार्रवाई करें। उन सबके बारे में ठीक से जानकारी लें और जांच करें। पहले इस तरह की घटनाएं नहीं होती थी।” कुमार ने कहा कि उन्हें इस तरह की घटना से बहुत तकलीफ हुई है। जैसे ही पता चला एक-एक चीज के लिए अलर्ट कर दिया गया। आरोपियों पर एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कोई जानबूझकर इस तरह का काम कर रहा है। सरकार पूरे तौर पर एक-एक चीज के लिए अलर्ट है। अधिकारियों को जांच में लगाया गया है कि वे पूरे तौर पर इस मामले को देखें।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सासाराम में आयोजित कार्यक्रम के रद्द होने से संबंधित प्रश्न पर कहा कि उसके बारे में उन्हें नहीं पता है। उन्होंने बिहार में विधि-व्यवस्था पर भाजपा द्वारा उठाए जा रहे सवाल के जवाब में कहा कि कोई भी केंद्र के मंत्री आते हैं तो उन्हें सुरक्षा दी जाती है। राज्य सरकार की जो जिम्मेवारी है सब पूरी की जाती है। हमलोग सबलोगों का ध्यान रखते हैं वो लोग ध्यान रखें ना रखें।
कुमार ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह किसलिए आ रहे थे वे जानें, क्यों नहीं आ रहे हैं वे जानें लेकिन राज्य सरकार की तरफ से हर तरह की सुरक्षा दी जाती है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था ठीक है। कानून व्यवस्था की कोई दिक्कत नहीं है, सरकार पूरी तरह अलर्ट है।
