गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जल और हरियाली रहेगी तभी जीवन सुरक्षित रहेगा

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज एक बार फिर कहा कि जल संरक्षित रहेगा और हरियाली रहेगी तभी जीवन सुरक्षित रहेगा। कुमार ने मंगलवार को यहां जल-जीवन-हरियाली दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2019 में सभी पार्टियों के विधायकों एवं विधान पार्षदों ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर बैठक की और जल-जीवन-हरियाली अभियान की शुरुआत की गई। इसमें हमलोगों ने 11 अवयव निर्धारित किये हैं। जो काम किए जा रहे हैं उसका समय पर मेंटेनेंस भी होना चाहिए। महीने के पहले मंगलवार को इस कार्यक्रम को करना है।

सभी लोगों को इसे पूरी गंभीरता से जानना और समझना चाहिए। इसके लिए जिनको जो दायित्व दिया गया है, उसे पूरा करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 18259 सार्वजनिक आहर, पईन, पोखर, तालाब को चिन्हित कर अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। सार्वजनिक आहर, पईन, पोखर, तालाब का जीर्णाेद्धार भी कराया जा रहा है।

उनकी सरकार ने तय किया था कि तीन साल में इस अभियान को पूरा कर लिया जाएगा लेकिन कोरोना के आने से इसका काम प्रभावित हुआ इसलिए इसको दो साल के लिए और आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक आहर, पईन, पोखर, तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने के दौरान गरीब-गुरबा को घर बनाने के लिए अलग जगह उपलब्ध कराया जाना है और घर बनाने के लिए पैसा भी दिया जाना है। इस संबंध में हर जिले से एक-एक चीज की जानकारी ले लेनी है।
कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यह भी देख लेना जरूरी है कि जरुरतमंदों लोगों को इसका लाभ मिला या नहीं। हर सप्ताह इसका जायजा लीजिए। बैठक में हर बिंदुओं पर चर्चा कर देखना चाहिए कि किसको क्या जरूरत है, किसको क्या ऐतराज है। जिनलोगों ने जलस्रोतों के आसपास अतिक्रमण किया है या अवैध निर्माण किया है, उनके संबंध में भी जानकारी लें।

जल संरचनाओं को विकसित करने के लिए स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त कराना है। जल-जीवन-हरियाली अभियान से संबंधित सभी विभागों के अधिकारी अपने-अपने विभागों में किए जा रहे कार्यों का ठीक से आकलन करें। आपके विभाग में कौन काम पूरा नहीं हो पाया है, क्या दिक्कत है, इन सभी चीजों का ख्याल रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *