गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मिश्र ने कानून और शांति व्यवस्था की समीक्षा की

जयपुर : कलराज मिश्र ने श्री राष्ट्रीय करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद उत्पन्न स्थिति के चलते बुधवार को प्रदेश की कानून एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा की। मिश्र ने मुख्य सचिव उषा शर्मा, गृह सचिव आनंद कुमार, पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा और पुलिस आयुक्त जयपुर बीजू जार्ज जोसफ को राजभवन बुलाकर प्रदेश की कानून एवं शांति व्यवस्था की विशेष समीक्षा की। इस अवसर पर मिश्र ने कहा कि प्रदेश में शूटरों द्वारा दिन दहाड़े हत्या गंभीर मामला है।
उन्होंने इस संगठित अपराध से उपजे हालात पर निरंतर निगरानी रखे जाने की हिदायत दी। विशेष रूप से उन्होंने अपराधियों को पकड़े जाने के लिए पुख्ता कार्यवाही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून एवं शांति व्यवस्था किसी भी स्तर पर नहीं बिगड़े, इसके लिए पुलिस और प्रशासन सभी स्तरों पर प्रभावी कदम उठाए। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के स्तर पर निरंतर सभी स्थानों पर अलर्ट रहते हुए कार्य करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी स्तर पर कोताही और लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राज्यपाल ने कहा कि कानून व्यवस्था सर्वोपरि है। सभी स्तरों पर यह सुनिश्चित किया जाए कि आम जन को प्रदेश में किसी भी स्थान पर परेशानी की स्थिति नहीं पैदा हो। उन्होंने इस संबंध में उत्पन्न स्थितियों की निरंतर मॉनिटरिंग किए जाने की भी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा शांति और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संगठित अपराधों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और अपराध से जुड़ी किसी भी घटन पर सख्त और प्रभावी कार्यवाही की जाए।
मिश्र ने आम जन से शांति और कानून व्यवस्था में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कानून एवं शांति व्यवस्था में सभी के सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि हालात पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
बैठक में श्रीमती उषा शर्मा ने बताया कि प्रदेश भर में जिला कलेक्टर स्तर पर हालात की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। केंद्र सरकार के स्तर पर भी तीन कंपनियां तैनात की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रकरण में पोस्टमार्टम और एफआईआर दर्ज कर अपराधियों को पकड़े जाने के लिए निरंतर कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा और गृह सचिव आनंद कुमार ने घटनाक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अपराधियों को गिरफ्तार करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है गोगामेड़ी हत्याकांड के बाद जयपुर में धरना चल रहा है और राजपूत करणी सेना एवं सर्वसमाज के राजस्थान बंद के आह्वान पर आज राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में बंद का असर रहा और इस दौरान प्रदर्शन भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *