भीलवाड़ा : राजस्थान में भीलवाडा जिले के शाहपुरा क्षेत्र के पास मोडा की नाडी में मनरेगा श्रमिकों द्वारा की जा रही खुदाई के दौरान आज तीन हथगोले मिलने से हड़कम्प मच गया। गनीमत यह रही कि हथगोले से कुछ समय तक महिला खेलती रही, लेकिन मेट की सतर्कता से पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस तीनों हथगोलों को सुरक्षित रखवाया है। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार मनरेगा योजना के तहत मोडा की नाडी में खुदाई करवाई जा रही थी, इसी दौरान एक के बाद एक तीन हथगोले मिले। पहले तो श्रमिकों ने इसे लोहे की गेंद समझकर खेलना शुरू कर दिया, लेकिन मेट की नजर पडने पर नगर पालिका चेयरमेन और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर शाहपुरा पुलिस और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल मिश्रा मौके पर पहुंची और हथगोलों को देखकर उन्हें सुरक्षित रखवाया। कुछ और खुदाई भी करवायी लेकिन वहां इन तीन हथगोलों के अलावा कुछ भी नहीं मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुये इन हथगोलों को नष्ट करने के लिये बम निरोधक दस्तों को बुलवाया गया। यह पता लगाया जा रहा है कि ये गोले कितने पुराने और किसके द्वारा यहां छुपाये गये हैं।
