छपरा : बिहार में सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर एक महिला की हत्या कर दी गयी। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि फुलवरिया कपशहर गांव निवासी चंदन कुमार राय की पत्नी रम्भा देवी (24)का शव बरामद किया गया है। रंभा देवी के पिता खैरा थाना क्षेत्र के तुजारपुर गांव निवासी हरेश राय ने पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा है कि उन्होंने अपने पुत्री की शादी दहेज देकर की थी।
शादी के बाद भी ससुराल वालों के द्वारा और दहेज की मांग की जाती थी। उनके पुत्री के ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसकी हत्या कर शव के गले में रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या का रूप दिया है। सूत्रों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम कराये जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
