गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जम्मू कश्मीर में चुनाव लड़ने की संभावना तलाश रही है राकांपा

नई दिल्ली : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव शीघ्र कराए जाने की संभावनाओं के मद्देनजर राज्य में अपनी गतिविधियां तेज कर दी है और वहां किस स्तर पर उम्मीदवार खड़े किए जा सकते हैं इसका आकलन करने के लिए वहां प्रतिनिधि भेज रही है।
पार्टी के जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष डॉ. तारिक रसूल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी अपने राष्ट्रीय महासचिव बृजमोहन श्रीवास्तव को राज्य में भेज रही है। वह जम्मू कश्मीर में करीब एक सप्ताह तक रहेंगे और स्थानीय नेताओं के सथ मिलकर इस बात का पता लगाएंगे कि पार्टी कहां कहां उम्मीदवार खड़ा कर सकती है।
उन्होंने बताया कि श्री श्रीवास्तव शुक्रवार से राज्य के 8 दिवसीय दौरे पर रहेंगे और इस दौरान वह पार्टी की सक्रियता और जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए पार्टी की कार्ययोजना को लेकर भी स्थानीय नेताओं से चर्चा करेंगे।
डॉ. रसूल ने कहा कि श्री श्रीवास्तव अपनी यात्रा के दौरान जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और उनसे पार्टी को सशक्त बनाने के बारे में चर्चा करेंगे। इस दौरान श्री श्रीवास्तव जिले के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विशेषकर बूथ प्रभारियों से मिलेंगे और अपनी पार्टी की स्थिति को लेकर चर्चा करेंगे और इस बात की समीक्षा की जाएगी कि विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी किस स्तर तक तैयार है।
इस बीच पार्टी के प्रदेश महासचिव-संगठन डार फैयाज अहमद और इजाज हिलाल गुनाई ने बताया कि श्री श्रीवास्तव 12 जुलाई को श्रीनगर पहुंचेंगे और 19 जुलाई लौटेंगे इस दौरान वह 8 जिलों और लगभग 37 निर्वाचन क्षेत्रों को कवर करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *