नई दिल्ली : देश में रोजमर्रा के उत्पाद बनाने वाली प्रमुख एफएमसीजी कंपनी नेस्ले का जुलाई-सितंबर 2022 तिमाही में शुद्ध लाभ बढ़कर 668.34 करोड़ रुपये रहा जो एक वर्ष पूर्व समान अवधि में 617.37 करोड़ रुपये था। नेस्ले इंडिया लिमिटेड ने बुधवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि कंपनी की आलोच्य तिमाही में शुद्ध बिक्री 18.24 प्रतिशत बढ़कर 4,591 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी जो 30 सितंबर 2021 को समाप्त हुयी तिमाही में 3,882.57 करोड़ रुपये थी। कंपनी का जुलाई-सितंबर 2022 तिमाही में कुल खर्च 3,715.40 करोड़ रुपये पर पहुंच गया जो एक वर्ष पूर्व की समान तिमाही के 3,081.99 करोड़ रुपये से 20.55 प्रतिशत अधिक है।
नेस्ले इंडिया की इस दौरान घरेलू बाजार में बिक्री 18.27 प्रतिशत बढ़कर 4,361.15 करोड़ रुपये रही जो जुलाई-सितंबर 2021 में 3,687.37 करोड़ रुपये थी। कंपनी का निर्यात 15.68 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 205.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी जो पहले 177.60 करोड़ रुपये थी। कंपनी के निदेशक मंडल ने 10 रुपये मूल्य वाले शेयरों पर 120 रुपये प्रति शेयर लाभांश देने की घोषणा की है जो 16 नवंबर से प्रदान किया जाएगा। इससे पहले कंपनी ने गत छह मई को प्रथम अंतरिम लाभांश के रूप में 25 रुपये प्रति शेयर पर प्रदान किए थे।
नेस्ले इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक ने कहा,“मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि कंपनी ने इस तिमाही में पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक बिक्री हासिल की है। यह उपलब्धि निरंतर मजबूत मांग और मिश्रित विकास के आधार पर दर्ज की गयी जिसमें सभी श्रेणियों में दोहरे अंकों की वृद्धि हुयी।”
नेस्ले का तिमाही शुद्ध लाभ बढ़कर 668.34 करोड़ रुपये
