गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नीतीश ने जीविका दीदियों के साथ किया संवाद

कहा – महिलाएं आगे बढ़ेंगी तो समाज भी आगे बढ़ेगा

बांका : नीतीश कुमार ने समाज में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए आज कहा कि महिलाएं आगे बढ़ेंगी तभी समाज भी आगे बढ़ेगा।
कुमार ने सोमवार को यहां समाधान यात्रा के क्रम में बांका जिले की जीविका दीदियों के साथ संवाद कार्यक्रम में कहा कि समाधान यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। इसी सिलसिले में जीविका दीदियों के साथ मिलने और उनकी बातें सुनने का मौका मिला है। आज यहां जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा किये है। आपकी बात सुनकर मुझे मन में काफी खुशी हो रही है, इसके लिये मैं आप सभी को बधाई देता हूं। 24 नवंबर, 2005 को जब मुझे बिहार के लोगों ने काम करने का मौका दिया तो हमने स्वयं सहायता समूह की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया। उसके पहले जब हम सांसद और केंद्र में मंत्री थे तो कई जगहों पर जाकर हमने स्वयं सहायता समूह के कामों को देखा था। देशभर में स्वयं सहायता समूह थे। बिहार में स्वयं सहायता समूह की संख्या काफी कम थी। हमने स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं का नामकरण ‘जीविका‘ किया तब से आप सभी जीविका दीदियां कहलाने लगीं। उस समय की केंद्र सरकार के मंत्री ने आकर स्वयं सहायता समूह के कामों को देखा था और इसकी काफी तारीफ की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में इसका नामकरण ‘आजीविका’ किया यानी बिहार की जीविका पूरे देश में आ जाए। इसे भूलियेगा मत। आप जीविका दीदियों की संख्या बहुत बढ़ी है यह देखकर मुझे खुशी होती है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह से एक करोड़ 30 लाख से अधिक महिलायें जुड़ गई हैं। 10 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों का गठन हुआ है। पहले महिलाएं सिर्फ घर में काम करती थीं, खाना बनाती थीं, परिवार की सेवा करती थीं और खेती-बाड़ी का भी काम करती थीं, अब पुरुष के साथ महिलाएं भी कमा रही हैं जिससे परिवार की अच्छी आमदनी हो रही है। महिलाएं आगे बढ़ेंगी तो समाज भी आगे बढ़ेगा। सरकार ने गरीब परिवार को आगे बढ़ाने के लिए कई काम किए हैं। सभी जीविका दीदियां बेहतर काम कर रही हैं। दूसरे राज्यों में जाकर प्रशिक्षण भी दे रही हैं। बिहार की जीविका दीदियों के कामों की प्रशंसा सभी जगह हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *