गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भ्रष्टाचारियों को राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट करने में लगे हैं नीतीश

पटना : सुशील कुमार मोदी ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राष्ट्रीय स्तर पर भ्रष्टाचारियों को एकजुट करने में लगे हैं लेकिन सब मिलकर भी 2024 के लोकसभा चुनाव में ईमानदार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सामना नहीं कर पाएँगे। मोदी ने बयान जारी कर कहा कि नीतीश कुमार भ्रष्टाचारियों की एकता के लिए दिल्ली गए । उन्होंने शुरूआत चारा घोटाला में सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव से आशीर्वाद लेकर की और फिर अरविंद केजरीवाल से मिले, जिनकी सरकार के दो मंत्री जेल में हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार “नौकरी के बदले जमीन घोटाला” में चार्जशीटेड तेजस्वी प्रसाद यादव को साथ लेकर राहुल गांधी से मिले, जो नेशनल हेराल्ड मामले में आरोपी हैं।
भाजपा सांसद ने कहा कि देश के सारे भ्रष्टाचारी मिल कर भी ईमानदार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुकाबला नहीं कर सकते हैं। कांग्रेस डूबता जहाज है। उन्होंने कहा कि गुलाम नबी आजाद से लेकर पूर्व रक्षा मंत्री के पुत्र अनिल एंटनी तक कांग्रेस छोड़ चुके हैं। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में पार्टी विद्रोह का सामना कर रही है। मोदी ने कहा कि गैरकांग्रेसवाद से शुरूआत करने वाले नीतीश कुमार अब अपने राजनीतिक सफर का अंत कांग्रेस के डूबते जहाज पर करना चाहते हैं।

बिहार के लोग अब यू-टर्न पोलिटिक्स का क्लाइमेक्स गौर से देखेंगे । उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार कांग्रेस की तरह जदयू को भी डुबो रहे हैं , इसलिए आरसीपी सिंह, उपेंद्र कुशवाहा (दोनों पूर्व केंद्रीय मंत्री) और मीना सिंह (पूर्व सांसद) समेत कई लोगों ने पार्टी छोड़ दी। यह सिलसिला रुकेगा नहीं। पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सात दल मिल कर भी जब दो उपचुनावों में भाजपा को नहीं हरा सके, तब ये पूरे देश में प्रधानमंत्री मोदी के सामने कहाँ ठहरेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *